इन 7 टिप्स से आप दिखेंगी 10 साल छोटी

इन 7 टिप्स से आप दिखेंगी 10 साल छोटी

हम सभी के आसपास, जान-पहचान में दो तरह के लोग जरूर होते हैं। पहले वो, जो कम उम्र का होने के बावजूद अधिक उम्र के लगते हैं और दूसरे वो, जो अधिक उम्र का होने के बावजूद कम उम्र के लगते हैं। पहली तरह के लोगों जैसा कोई भी नहीं बनना चाहता, लेकिन परिस्थितियां, कुछ गलतियां उन्हें ऐसा बना देती हैं। यदि हम महिलाओं की बात करें तो उन पर तो ये तंज हमेशा से कसा जाता रहा है कि वे अपनी उम्र अक्सर कम बताती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि वो हमेशा यंग दिखना चाहती हैं

अगर आप भी ऐसी ही महिला हैं, जो अपनी उम्र से कम दिखना चाहती हैं या लोग आपको कहते हैं कि आप 30 की होने के बाद भी 40 की लगती है, तो समय आ गया है कि खुद पर ध्यान दें। आज हम आपको टिप्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपनी उम्र से कम दिखाई देंगी।

1. अपने बाल कलर करें

कई लोग अपने बाल कलर करने से डरते हैं। उन्हें लगता है कि लोग क्या कहेंगे, बूढी खुद को जवान दिखाने की कोशिश कर रही है। वे सोचते हैं कि सफेद बाल क्यों छुपाना? अब बूढे दिखते हैं, तो दिखते हैं? अब कौन-सी हमारी शादी होनी है? अब किसे इम्प्रेस करना है? क्या फर्क पड़ता है?

लेकिन यकीन मानिए कि बहुत फर्क पड़ता है। जब आप बाल कलर कराते हैं, तो आपकी उम्र चंद मिनटों में ही कई साल कम नजर आती है। आपको भी आइने में देखकर अच्छा महसूस होता है। बच्चों को भी लगता है कि मां कितनी यंग दिख रही है। आप भी नकारात्मक रवैया छोड़ सकारात्मक सोचने लगती हैं कि अभी मेरी उम्र ही क्या है? अभी तो बहुत जिंदगी बची है। कई सपने पूरे करने हैं।

आपको भी कलर किये बालों के साथ तैयार होने में, किसी के घर जाने में आनंद आने लगता है। वरना सफेद बाल आपको बार-बार याद दिलाते रहते हैं कि आप बूढी हो गयी है, आपकी उम्र अब ये सब करने की नहीं रही। जबकि ये सोच गलत है।

2. फेशियल एक्सरसाइज करें

मुंह में हवा भर कर 10 सेकेंड रखें और छोड़ दें। जोर से चीखते हुए जैसे मुंह पूरा खुल जाता है, उस तरह खोलें। मुंह में खिंचाव आये, इतना खोलें। 10 सेकेंड रखें और नॉर्मल हो जाएं। लंबी स्माइल दें। 10 सेकेंड रखें और नॉर्मल हो जाएं। इस तरह चेहरे के विभिन्न हिस्सों में तनाव आये, ऐसी एक्सरसाइज 15 मिनट रोज करें।

ऐसी कई एक्सरसाइज आप यूट्यूब वीडियोज के जरिये सीख कर रोजाना करें। घर का कोई भी काम करते-करते, टीवी देखते हुए आप इन्हें कर सकते हैं। इससे चेहरे की झुर्रियां कम होती हैं, चेहरे पर शाइन आती है। इससे आप युवा दिखती हैं।

3. यंग दिखने वाली ड्रेसेज पहनें, मेकअप करें

ये सोचना बंद करें कि आप सास बन गयी हैं, दादी बन गयी हैं तो आपको फलां तरह के कपड़े शोभा नहीं देंगे या लोग क्या कहेंगे? याद रखें, ये जिंदगी आपकी है। आप जो मर्जी चाहे कपड़े पहन सकती हैं। खुद को युवा महसूस कर सकती हैं। अगर आपने अपने जमाने में यानी कम उम्र में वो कपड़े नहीं पहने, जो आप पहनना चाहती थीं, तो आप अभी अपने शौक पूरे कर सकती हैं। किसी ने आपको रोका नहीं है।

आप जींस और कुर्ती पहन सकती हैं। जींस व टॉप पहन सकती हैं। साड़ी पहनकर उब गयी हैं तो सलवार सूट पहन सकती हैं। आप बाल कटवा सकती हैं। खुद को नया लुक दे सकती हैं। आप पार्लर जाकर फेशियल वैक्सिंग, थ्रेडिंग, मैनिक्योर, पेडिक्योर करवाएं। अपने शरीर का ख्याल रखें। जब भी कहीं बाहर जाएं, अच्छी तरह तैयार होकर जाएं।

4. खान-पान का ख्याल रखें

खाने-पीने का असर हमारे शरीर पर बहुत ज्यादा पड़ता है इसलिए अपने खानपान का खास ख्याल रखें। पौष्टिक आहार लें। प्रोटीन, विटामिन, आयरन सभी चीजों से भरपूर खाना खाएं। फलों को अपने खाने में ज्यादा मात्रा में शामिल करें। जूस पीएं। रोज एक गिलास दूध पीएं। काजू-बादाम खाएं। अंडा खाएं। इन चीजों से आपके चेहरे पर एक अलग ही ग्लो दिखाई देगा। आपकी उम्र कम दिखने लगेगी।

5. अपनी हॉबीज को वक्त दें

जब आप अपने शौक पूरे करते हैं, तो दिल से खुश रहते हैं। आपके चेहरे पर एक अलग ही चमक दिखाई देती है। आप ऊर्जा से भरे हुए होते हैं। आप चहकते हैं, उछलते-कूदते हैं, डांस करते हैं, म्यूजिक सुनते हैं। ये सारे अनुभव आपको तरोताजा महसूस कराते हैं। आपको लगता है कि आप अपने पुराने बचपन के दिनों में, युवावस्था में लौट गये हैं। ये जो भावना अंदर से आती है, यही आपको सच में युवा बनाती है।

6. खुद को युवा महसूस करें

किसी ने सच ही कहा है कि जैसा आप सोचते हैं, वैसे बन जाते हैं, नजर आने लगते हैं। इसलिए कभी भी खुद को बूढा महसूस न करें। खुद से बार-बार कहें कि अभी आप यंग हैं। याद रखें किसी के बार-बार आंटी बोलने से आपको डिप्रेस होने की जरूरत नहीं है। न ही 50 पार होने के बाद पूजा-पाठ, भजन किर्तन में ही जीवन बिता देना समझदारी है।

आपको भी मजे करने का हक है। आप जब चाहे खुद को बच्चा महसूस कर सकते हैं। आपको बस शर्म और झिझक को छोड़ना होगा। हंसना-खेलना होगा। इसके लिए आप हॉबी क्लास जॉइन करें, बच्चों के साथ खेलें। मूवीज देखें। नई चीजें चलाना सीखें, जैसे लैपटॉप। सोशल साइट्स पर अकाउंट बनाएं। गेम सीखें। कार चलाना सीखें। आपको सच में खुद को ऊर्जा से भरा हुआ पायेंगे।

7. योग करें, एक्सरसाइज करें

जब आपका शरीर एक्टिव रहता है, तो उसमें जंग नहीं लगती है। आपको चाहिए कि खूब पसीना बहाएं। वॉक करें, एक्सरसाइज करें, योग करें। इनमें से जो आपको ठीक लगे, वो आप रोजाना करें। जब आपकी सुबह इन चीजों के साथ होगी तो आपको दिनभर तरोताजा महसूस होगा। फिट फील करेंगे। आपका बॉडी पॉश्चर ठीक होगा। आपका तन कर खड़े होंगे। ढेर सारा काम करने के बाद भी थकेंगे नहीं। शरीर के साथ-साथ चेहरे पर भी इन चीजों का असर दिखेगा। आप यंग दिखेंगे।