ये 5 कुर्ती आपके पास होनी चाहिए

ये 5 कुर्ती आपके पास होनी चाहिए

कपड़ों को लेकर लड़कियों व महिलाओं की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है। भले ही हमारे पास बहुत रुपये न हो, लेकिन हम दिन भर शॉपिंग कर सकते हैं। बाजार में घंटों घूम सकते हैं, यहां तक कि ऑनलाइन भी हम सिर्फ कपड़े ही देखते रहते हैं। हमारा फोकस बस यही रहता है कि हम अलग दिखें, स्टाइलिश दिखें, सबकी नजर हम पर टिक जाएं। वैसे हमेशा अच्छा व डिफरेंट दिखना मुमकिन नहीं होता, खासतौर पर उनके लिए जिनके पास कपड़ों पर खर्च करने के लिए बजट लिमिटेड हो।

अगर आप भी उन लोगों में से हैं, जो कम खर्च में कई मौकों के लिए डिफरेंट लुक तैयार करना चाहते हैं, तो आज हम आपको बता रहे हैं कुछ ऐसी चीजें, जो आपके पास होनी चाहिए। एक बार आपने इनका कलेक्शन अपनी अलमारी में कर लिया तो आप कई मौकों के लिए अपना ड्रेस तैयार कर सकती हैं।

1. ब्लैक कुर्ती

एक फिटिंग की खूबसूरत प्लेन ब्लैक कुर्ती आपके पास जरूर होनी चाहिए। ब्लैक कलर एक ऐसा कलर है, जो हमेशा ही रिच लुक देता है और सबसे खास बात कि इसमें आप दुबले भी नजर आते हैं। इस ब्लैक कुर्ती को आप ऑनलाइन भी ले सकते हैं और सिलवा भी सकते हैं। ब्लैक कुर्ती कॉटन की हो तो बेस्ट है। गलती से भी सिल्क में न सिलवाएं, क्योंकि सिल्क के कारण कुर्ती बहुत ज्यादा शाइन करेगी, जो कई मौकों पर अजीब दिखता है। ब्लैक कुर्ती एकदम प्लेन हो। उसमें कहीं से भी कोई दूसरे रंग की एब्राइडरी या लेस वगैरह न लगी हो।

इस ब्लैक कुर्ती के साथ आप ब्लैक सिगरेट पैंट, लेगिंग या प्लाजो पहन सकते हैं। इसके अलावा आप ब्लैक कुर्ती के साथ व्हाइट या गोल्डन कलर का लेगिंग, प्लाजो या शरारा पहनकर भी किसी फंग्शन में जा सकते हैं। इनके साथ एथिनक ज्वेलरी आपको और अट्रैक्टिव बना देगी।

ब्लैक कुर्ती के साथ किसी भी रंग का बॉटम उसके मैचिंग कलर के दुपट्‌टे के साथ भी पहन सकते हैं। जैसे रेड लेगिंग व रेड दुपट्‌टा, येलो प्लाजो व येलो दुपट्‌टा।

ब्लैक कुर्ती व ब्लैक बॉटम के साथ आप स्टाइलिश दुपट्‌टे भी पहन सकते हैं। बंधेज के दुपट्‌टे, लहरिया दुपट्‌टे इस पर बहुत सुंदर लगते हैं।

इस कुर्ती पर आप किसी भी रंग का स्कार्फ और जींस पहन सकते हैं। चाहे तो स्कार्फ की जगह डेनिम जैकेट पहन कर वेस्टर्न लुक दे सकते हैं। साथ में शूज पहन सकते हैं। ये बहुत कंफर्टेबल लुक होगा। कॉलेज गोइंग गर्ल्स हो या ऑफिस जाने वाली लड़कियां, सभी पर ये खूब जंचेगा। हैरम पैंट्स पहन सकती है। ये भी आरामदायक दिखेगी। कलरफुल पैंट हुई तो लुक काफी कूल दिखेगा। साथ में ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी पहनना न भूलें। चूड़ियां भी इस लुक में चार चांद लगायेंगी।

आप कुर्ती को शर्ट की तरह इन करके इसे स्कर्ट के साथ पहन सकते हैं। किसी को पता नहीं चलेगा कि ये कुर्ती है। कुर्ती ब्लैक होने के कारण इस पर सभी प्रकार के, सभी रंग के स्कर्ट सुंदर दिखेंगे।

आप इस पर कलरफुल फुलकारी जैकेट पहनकर भी इंडो वेस्टर्न लुक तैयार कर सकते हैं। ऐसे जैकेट दिल्ली हाट में बहुत अच्छे मिलते हैं, लेकिन आप ऑनलाइन भी खरीद सकते हैं।

2. व्हाइट कुर्ती

एक प्लेन व्हाइट कुर्ती भी आपके कलेक्शन में होनी चाहिए। ये कॉटन की हो सकती है, चिकन की हो सकती है, लखनवी कुर्ती हो सकती है। सिल्क भी चलेगी। लेनिन कुर्ती भी अच्छी रहेगी। आप इस कुर्ती के साथ किसी भी रंग का स्कार्फ लेकर इसे जींस के साथ पहन सकते हैं। साथ में ब्लैक मेटल का नेकपीस पहन सकते हैं।

आप प्लेन व्हाइट कुर्ती को व्हाइट लेगिंग या प्लाजो के साथ पहन सकते हैं। इस पर किसी भी रंग का दुपट्‌टा अच्छा लगेगा। वैसे ब्राइट कलर के दुपट्‌टे बहुत संुदर दिखेंगे जैसे ऑरेज या येलो

आप बंधेज के दुपट्‌टे भी इस पर पहन सकते हैं। साथ में कलरफुर इयररिंग और अच्छे लगेंगे। फुटवियर भी कलरफुल हो तो बेस्ट। आप इसके साथ जींस व डेनिम जैकेट पहन सकते हैं।

3. येलो कुर्ती

एक खूबसूरत येलो कुर्ती आपके कलेक्शन में चार चांद लगा देगी। येलो से मतलब लाइट येलो या लेमन येलो नहीं है। येलो से मतलब है हल्की के रंग का येलो। अधिकांश भारतीय लड़कियों का रंग सांवला होता है, ऐसे रंग में येलो कलर की कुर्ती बहुत खिलकर दिखती है। अगर आप गोरे हैं, तो भी यह आप पर अच्छी ही दिखेगी। इस रंग को पहनने से चेहरे पर एक तेज आ जाता है। चेहरा ब्राइट और फ्रेश दिखता है इसलिए इस रंग की प्लेन कुर्ती जरूर खरीदें।

इस कुर्ती के साथ आप कई रंग के दुपट्‌टे और बॉटम को मैच करके पहन सकते हैं। इस पर पिंक लेगिंग और दुपट्‌टा पहन सकते हैं। रेड, ब्लू और व्हाइट भी इसके साथ खूब अच्छा दिखेगा। जिस रंग का दुपट्‌टा हो, उसी रंग का बॉटम हो। अगर कुर्ती और बॉटम दोनों येलो हो तो ये ध्यान रखें कि दोनों के कलर में थोड़ा सा भी अंतर न हो। शेड बिल्कुल सेम हो।

4. फ्लोरल प्रिंट कुर्ती

अपने कलेक्शन में किसी भी रंग की फ्लोरल प्रिंट वाली कुर्ती भी रखें। ध्यान रहे कि प्रिंट बहुत छोटे-छोटे हो, क्योंकि बड़े प्रिंट बहुत अजीब दिखते हैं और आप मोटी दिखने लगेगी। छोटे प्रिंट खूबसूरत दिखते हैं। ऐसी कुर्ती कभी भी आउट ऑफ फैशन नहीं होती। कुर्ती में जितने भी रंगों का इस्तेमाल हुआ है, उन रंगों के लेगिंग के साथ इसे बदल-बदलकर पहनें। कुर्ती अनारकली पैटर्न में भी ले सकते हैं और स्ट्रेट कुर्ती भी सिलवा सकते हैं। समर में ये बहुत अच्छी दिखेगी।

एक बात हमेशा ध्यान रखें कि जब भी कुर्ती के साथ बड़े ईयररिंग पहने तो नेकपीस न पहनें। दोनों चीजें साथ में अच्छी नहीं लगती।

5. अनारकली कुर्ती

कई बार शादी या किसी फंग्शन में हम साड़ी नहीं पहनना चाहते क्योंकि उसे संभालना पड़ता है। लहंगा भी ओवर ड्रेस्ड लगता है। ऐसे मौकों के लिए एक अनारकली कुर्ती बेस्ट होगी। ये ब्राइट कलर्स की हो, तो ही अच्छी दिखेगी। इंडियन कलर्स ऐसी कुर्ती पर अच्छे लगते हैं जैसे ब्राइट येलो, ग्रीन, पर्पल, रेड। आप अपनी किसी सिल्क की साड़ी से भी इसे तैयार करवा सकते हैं। इसे लॉन्ग अनारकली ड्रेस की तरह बनवाएं। सीने तक फिंटिंग हो और उसके बाद कलियों से घेर तैयार हो। अगर आपकी टमी है तो भी ये इस कुर्ती में आसानी से कवर हो जायेगी।

अगर अनारकली पैटर्न आपको पसंद नहीं तो भी कोई बात नहीं। आप सिल्क की साड़ी से स्ट्रैप्स वाली स्ट्रेट कट स्टाइलिश कुर्ती सिलवा लें। इसे आप ऑफिस की पार्टी में भी पहन सकती हैं। इस पर जैकेट डाल सकती हैं। इसे जींस या जेगिंग के साथ पहन सकती हैं।