शादी के बाद वजन बढ़ने के 5 कारण और उनके उपाय

शादी के बाद वजन बढ़ने के 5 कारण और उनके उपाय

शादी के बाद अक्सर लोगों का वजन बढ़ जाता है। वैसे कई मामलों में पुरुषों का वजन भी बढ़ता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में महिलाओं का वजन ही बढ़ता देखा गया है। ऐसे में कुछ सालों बाद जब महिलाओं को यह अहसास होता है कि उनका वजन बहुत ज्यादा बढ़ गया है, पति अब पहले जितनी उनकी तारीफ नहीं करते, तो वे तनाव में आ जाती है। डिप्रेशन में चली जाती है।

अगर आपका वजन भी शादी के बाद बढ़ गया है, आपकी अभी-अभी शादी हुई है या आपकी शादी जल्द ही होने वाली है, तो ये लेख जरूर पढ़ें। यहां हम आपको वो कारण बता रहे हैं, जिनकी वजह से शादी के बाद वजन तेजी से बढ़ता है। आप जितनी जल्दी ये कारण जान लेंगी, आप वजन कंट्रोल करने में उतनी सफल होंगी।

1. बाहर का स्पाइसी खाना और मिठाइयां

शादी के बाद नये जोड़ों को दोस्त, रिश्तेदार पार्टी देते हैं। कभी किसी के घर में तो कभी होटल में। ऐसे में सभी लोग मुंह मीठा करने के नाम पर उन्हें खूब मिठाई खिलाते हैं। लड़के तो खुलकर मना कर भी देते हैं, लेकिन लड़कियां शर्म व झिझक के कारण मना नहीं कर पाती और उनका दिल रखने के लिए खा लेती हैं। होटल्स में भी खूब मसालेदार, स्पाइसी खाना बार-बार खाने में आता है, जिसकी वजह से वजन बढ़ जाता है।

उपाय : पार्टी में स्पाइसी खाना बिल्कुल न खाएं होटल्स में अपने लिए दाल, चावल, सलाद, सूप मंगा सकते हैं। किसी के घर जाएं तो धीरे-धीरे खाएं। आपकी प्लेट भरी हुई दिखेगी तो कोई दोबारा नहीं परोसेगा। दिल रखने के लिए एक मिठाई खा लें। फिर मना कर दें। मीठा पसंद नहीं, दांत में दर्द है, जैसे बहाने भी बना सकती हैं।

2. खुद बनाती हैं फैट वाली डिशेज

शादी के बाद लड़कियां ससुराल वालों को, पति को खुश करने के लिए तरह-तरह की चीजें बनाती हैं। कभी शाम के नाश्ते में कचोरी, समोसे बनाती हैं, तो कभी रविवार को छोले-भटूरे, पकौड़े ऐसी चीजे हाथों से बनाकर सभी को खिलाती हैं और खुद भी खुशी के कारण ढेर सारा खाती हैं। कई महीने ऐसा ही चलता है और वे मोटी हो जाती हैं।

उपाय : सभी को खुश करने के लिए भले ही नई-नई डिशेज बनाएं, लेकिन ध्यान दें कि सभी चीजें हेल्दी हो। तली हुई, स्पाइसी न हो। हर दूसरे दिन तली हुई चीजें खाना सभी के लिए नुकसानदायक है। आप सभी को इडली, डोसा, उपमा जैसी हेल्दी चीजें भी खिला सकती हैं। आप यूट्यूब पर हेल्दी टेस्टी स्नैक्स की रेसिपी देख चीजें ट्राय करें। वजन भी नहीं बढ़ेगा और सब खुश भी होंगे।

3. शादी की चिंता से मुक्त होना

शादी के पहले लड़कियां बहुत ध्यान देती हैं कि मोटी होने से शादी नहीं हुई तो? शादी के ड्रेस में बुरी दिखाई दी तो? इस चिंता के चलते वे खाने-पीने का ज्यादा ख्याल रखती हैं, व्यायाम करती हैं, लेकिन शादी होते ही वे चिंता मुक्त हो जाती हैं। ससुराल के माहोल में खुद को ढालने में वे इतनी व्यस्त हो जाती हैं कि खुद के लिए वक्त नहीं निकाल पाती। एक्सरसाइज नहीं कर पाती, खाने में जो बनता है, खाती हैं। बिना कैलोरी का ध्यान रखे। इस वजह से वजन बढ़ जाता है।

उपाय : शादी के बाद कुछ दिन भले ही आप खुद पर ध्यान न दे पाएं, लेकिन जैसे ही रूटीन लाइफ शुरू हो, तुरंत खुद की सेहत का ख्याल रखना शुरू कर दें, वरना बाद में देर हो जायेगी। सुबह एक्सरसाइज करें। योग करें। खाना खाने के बाद तुरंत सोये नहीं। पति, सास, ननद जो भी मिले, उसके साथ वॉक पर जाएं या अकेली चली जाएं। तला हुआ खाना, फास्ट फूड, मीठी चीजों से दूरी बनाएं।

4. ओवर इटिंग से खुद को बचाएं

हमारे यहां यही सिखाया जाता है कि घर की महिला को सभी के बाद खाना चाहिए। इस परंपरा के चलते बहुएं सबसे आखिरी में खाना खाती हैं और जो भी बचा हुआ होता है, सब खत्म करने की कोशिश करती हैं। उन्हें लगता है कि दूसरे दिन खाना बांसी हो जायेगा, कोई खायेगा नहीं, मुझे ही खाना पड़ेगा। इससे अच्छा है कि अभी ताजा है, तो अभी खत्म कर लो। बस इसी के चलते कई बार वो अपनी क्षमता से भी ज्यादा खाना खा लेती है। इसकी वजह से वजन बढ़ जाता है।

उपाय : सबसे आखिरी में खाना खाने की आदत बदलें। अगर ये नहीं हो सकता, तो कम से कम इतना जरूर ध्यान दें कि अपनी भूख जितना ही खाएं। खाना फेंकने में जायेगा या बांसी खाना पड़ेगा, इस डर से ज्यादा न खा लें। दूसरे दिन बची हुई चीजों से दोबारा कोई डिश बनाकर सभी की मदद से उसे खत्म करें। वैसे कोशिश यही करें कि खाना लिमिट में बनाएं, ताकि बांसी खाने की किसी की भी नौबत न आये।

5. हार्मोनल बदलाव, प्रेग्नेंसी भी है कारण

शादी के बाद कपल खुश रहते हैं। मानसिक व शारीरिक संतुष्टि मिलती है। ऐसे में सेक्शुअल एक्टिविटीज के चलते भी हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिसकी वजह से भी वजन बढ़ता है। कई युवाओं के मेटाबॉलिक रेट में भी बदलाव आता है, जो वजन बढ़ाता है। महिलाओं का वजन प्रेग्नेंसी की वजह से बढ़ता है, जिनमें अधिकतर महिलाओं का डिलीवरी के बाद भी वजन कम नहीं होता। बच्चे को दूध पिलाने के लिए, खुद को हेल्दी रखने के लिए वे भरपूर खाना खाती है, जिसके कारण वजन हमेशा उतना ही बना रहता है।

उपाय : हार्मोनल बदलावों का कुछ नहीं कर सकते, न प्रेग्नेंसी का कुछ कर सकते हैं, लेकिन एक चीज हम कर सकते हैं और वो है एक्सरसाइज। जी हां, वजन कंट्रोल में रखने का यही तरीका है। खुद को फिट रखने के लिए आधा घंटा वॉक करें। गरम पानी पीने की आदत डालें। डिलीवरी के कुछ महीने बाद से दोबारा पहले जैसा होने के लिए मेहनत शुरू कर दें। तभी आप बच्चे को भी संभाल सकेंगी, उसके साथ खेल सकेंगी।