रोजाना एक सेब खाने से होने वाले 10 फायदे

रोजाना एक सेब खाने से होने वाले 10 फायदे

हफ्ते में 5 दिन सेब खाकर भगा दें सारे रोग

एन एप्पल अ डे कीप्स द डॉक्टर अवे....। अंग्रेजी की यह कहावत हम सबने सुनी है। इसका मतलब भी जानते हैं कि रोज एक सेब खाते हैं तो डॉक्टर के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ती। बड़े-बुजुर्ग भी सेब देकर कहते हैं कि खा लो, यह सेहत के लिए अच्छा होता है। चेहरे पर रौनक आयेगी, दांत अच्छे होंगे। लेकिन इन सब बातों को सुनने के बावजूद हम इन्हें अनसुना कर देते हैं। इन बातों को गंभीरता से नहीं लेते। इसे फॉलो नहीं करते।

इसलिए आज हम आपको बता रहे हैं कि सेब खाने से क्या-क्या फायदे होते हैं।

1. जरूरी है रोज एक सेब खाना

सेब में विटामिन C पाया जाता है जो रोगों से लड़ने की ताकत देता है। इसके साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर के लिए हानिकारक तत्वों को कंट्रोल में रखता है। यह कैंसर और हृदय रोगों का खतरा घटाता है और बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है। अगर हम रोज सेब न भी खा सकें, तो भी अगर हफ्ते में पांच सेब भी खा लें तो फेफड़ों और सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

2. हृदय रोगों से बचाता है

सेब में फायबर और पॉलीफिनॉल पाया जाता है जो कोलेस्ट्रॉल को कम करके हृदय रोगों को खतरा घटाता है। सेब आपकी कमर का साइज घटाता है जिससे ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है और हृदय रोग होने की आशंका कम हो जाती है।

3. कम होता है कैंसर का खतरा

एंटी ऑक्सीडेंट और फ्लेवोनॉइड्स जैसे तत्वों के कारण सेब में ऐसे कई गुण होते हैं, जो कैंसर को पनपने से रोकते हैं। नियमित सेब खाने से लंग कैंसर का खतरा भी कम होता है। एक शोध के अनुसार, अधिक मात्रा में सब्जियां और फल खाने से कई तरह के कैंसर से सुरक्षा मिलती है।

4. घटता है मधुमेह का खतरा भी

सेब के नियमित सेवन से टाइप-2 मधुमेह होने का खतरा भी कम हो जाता है। एक वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार, साबुत फल (होल फ्रूट) जैसे सेब के सेवन से डायबिटीज के खतरे को कम किया जा सकता है। इसमें मौजूद फाइबर खराब कोलेस्ट्रोल को कम करता है और अच्छे कोलेस्ट्रोल को बढ़ा कर मधुमेह को कम करने में मदद कर सकता है

5. गॉल ब्लैडर स्टोन के लिए

आमतौर पर गॉल ब्लैडर स्टोन छोटे-छोटे सख्त कणों के रूप में ब्लैडर में कोलेस्ट्रोल और बिलीरुबिन के अधिक जमाव के कारण बनते हैं। यह समस्या उन लोगों को ज्यादा होती है, जिनका वजन जरूरत से ज्यादा होता है। ऐसे में फाइबर युक्त आहार, जैसे सेब का सेवन करने से आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है, जिससे गॉल ब्लैडर स्टोन से आराम मिल सकता है

6. सेब खाने से घटता है वजन भी

सेब में भरपूर मात्रा में डाइट्री फाइबर्स भी पाये जाते हैं जो पाचन क्रिया को सही रखने में मददगार होते हैं। अगर हम रोजाना सेब खाते हैं तो आंतों में शरीर को फायदा पहुंचाने वाले बैक्टीरिया पनपते हैं। यह पाचन क्षमता को बढ़ाते हैं और सूजन को रोकते हैं। इंसान को पेट भरा हुआ महसूस होता है और फिर भूख नहीं लगती इसलिए मोटापा कंट्रोल हो जाता है।

7. फेफड़ों को स्वस्थ रखता है

यह फेफड़ों के लिए भी अच्छा है। सेब फेफड़ों और सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा घटाता है। इसमें ऐसे पोषक तत्व हैं जो कई तरह से शरीर को हेल्दी रखते हैं। जो लोग हफ्ते में पांच सेब खाते हैं उनके फेफड़े बेहतर काम करते हैं।

8. सफेद दांत

आपको सेहत के लिए सेब की जानकारी तो होगी, लेकिन क्या आपको पता है कि सेब के गुण आपके दांतों को सफेद करने में भी मदद कर सकते हैं। सेब में मैलिक एसिड होता है, जो प्राकृतिक रूप से दांतों को सफेद करने का काम कर सकता है

9. दमा के मरीजों को भी है फायदा

सेब के जूस से दमा रोगियों को अत्यधिक लाभ मिलता है। इसमें दमे के अटैक को रोकने की क्षमता होती है। इसमें होने वाला फ्लेवोनोइड्स फेफड़ों को ताकतवर बनाता है। शोध से यह साबित हो चुका है के जो लोग नियमित रूप से सेब के जूस का सेवन करते हैं उन्हें फेफड़े संबंधी बीमारियां होने की संभावना काफी कम हो जाती है।

10. बढ़ाता है ब्रेन पावर भी

रोजाना सेब के सेवन से मानसिक तनाव और मानसिक बीमारियां दूर हो सकती है। इसमें मौजूद विटामिन ए, बी, सी, पोटैशियम और एंटी ऑक्सीडेंट, ब्रेन में खून के प्रवाह को सही करते है जो ब्रेन में ऑक्सीजन को बढ़ाने और मानसिक कमजोरी को कम करता है। इससे याददाश्त भी अच्छी बनी रहती है और अल्झाइमर (भूलने की बीमारी) होने का खतरा टल जाता है।

सेब खाने का सही समय

रोजाना 1 सेब सुबह खाली पेट खाना लाभप्रद है। सुबह खाली पेट सेब खाने से इम्युनिटी बढ़ती है, पाचन तंत्र सुचारु रूप से काम करता है। अगर आपका पाचन तंत्र अच्छा है तो आप दिन में किसी भी समय सेब खा सकते है।

सेब में नेचरल शुगर होती है जो आपको एनर्जी देती है। इसलिए अगर हम एनर्जी के लिए चाय या कॉफी की जगह सेब खा लेंगे, तो यह ज्यादा फायदेमंद होगा।