कम नींद से हो सकती है परेशानियां

कम नींद से हो सकती है परेशानियां

फिट व हेल्दी रहने के लिए जितना ज्यादा जरूरी व्यायाम और सही खानपान है, उतनी ही ज्यादा जरूरी है नींद भी। जी हां, रोजाना 8 घंटे के नींद हम सभी के लिए बेहद जरूरी है। अगर हम इससे कम नींद लेते हैं तो धीरे-धीरे हमारे शरीर में तरह-तरह की समस्याएं होने लगती हैं। अगर हम नोटिस करें तो उन समस्याओं के लक्षण हम आसानी से देख भी सकते हैं।

क्यों कम हो गई है नींद?

एक समय था जब लोग खूब सोते थे। सुबह देर से सोकर उठते थे, दोपहर में खाना खाने के बाद सोते थे, रात को तो सोना होता ही था। यहां तक कि अपने बायोडाटा में भी हॉबी के अंतर्गत लोग ‘सोना’ लिखते थे, लेकिन जब से टेक्नोलॉजी ने पैर पसारे हैं, लोगों ने न केवल दोपहर में सोना बंद कर दिया है, बल्कि रात की सबसे ज्यादा जरूरी नींद को भी त्याग दिया है। रात-रात भर मोबाइल, लैपटॉप में मूवीज देखना, वेबसीरीज देखना, चैट करना, सोशल साइट्स पर घंटों गुजारना नई हॉबी बन गया है। मोबाइल की लाइट्स लगातार आंखों में पड़ने की वजह से आंखों से नींद गायब हो जाती है। फिर आप भले ही मोबाइल साइड में रखकर सोने की कोशिश करें, तो नींद नहीं आती। काम के तनाव और दिमाग में चलने वाले विचारों की वजह से भी बेड पर लेटने के बाद नींद के लिए घंटों संघर्ष करना पड़ता है।

नींद पूरी न होने से कई समस्याएं होती हैं-

1. टेंशन, डिप्रेशन और गुस्सा आना

जब हमारी नींद पूरी नहीं होती तो दिमाग को आराम भी नहीं मिल पाता। वह लगातार काम कर रहा होता है। इसकी वजह से तनाव बढ़ता जाता है और हम सभी जानते हैं कि तनाव के साथ कोई भी काम ठीक से नहीं हो पाता। ऐसे में जब काम में गड़बड़ी होती है, वह पूरा नहीं होता तो गुस्सा, चिड़चिड़ाहट और डिप्रेशन जैसी परेशानियां शुरू हो जाती हैं।

2. निर्णय लेने की क्षमता होती कमजोर

कम नींद का असर याद्दाश्त पर भी पड़ता है और व्यक्ति आम दिनों की सामान्य बातें भी भूलने लगता है। साथ ही इसकी वजह से हमारी निर्णय लेने की क्षमता कमजोर होती है।

3. हार्ट प्रॉब्लम्स का खतरा

8 घंटे की नींद पूरी न होने से मेटाबॉलिज्म पर असर पड़ता है। शरीर में फैट बढ़ने लगता है। इसकी वजह से दिल की कार्यप्रणाली पर बुरा असर पड़ता है और हाई बीपी, डायबिटीज व हार्ट से जुड़ी समस्याओं के चांसेज बढ़ जाते हैं।

4. इम्यून सिस्टम का खराब होना

नींद पूरी न होने से हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती जाती है। ऐसे में हमें कोई भी बीमारी जैसे- खांसी, जुकाम, बुखार आसानी से घेर लेते हैं।

5. ब्रेस्ट कैंसर एवं हार्मोनल समस्याएं

रिसर्च के अनुसार नींद पूरी न होने से शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचता है, जिसकी वजह से महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा आजकल महिलाओं में थायरॉयड, पीसीओडी जैसी कई हार्मोनल बीमारियां हो रही हैं। इसकी बड़ी वजह तनाव है। नींद की कमी से भी तनाव बढ़ता है। हार्मोन असंतुलित हो जाते हैं और महिलाओं में चिड़चिड़ापन, मूड स्विंग, पीरियड अनियमितता, मोटापा जैसी परेशानियां हो जाती हैं।

6. आंखों की समस्याएं

नींद पूरी न होने से आंखों को भी आराम नहीं मिलता। थकावट बनी रहती है। आंखे लाल दिखाई देने लगती है। जलन होती है। कभी आंखों से लगातार पानी निकलता है, तो कभी ड्राईनेस बढ़ जाती है। सूजन हमेशा रहती है। डार्क सर्कल भी आ जाते हैं, जो चेहरे पर काफी खराब नजर आते हैं। आंखों को आराम ने मिलने से सिरदर्द भी होने लगता है।

अच्छी नींद के फायदे भी है

जिस वक्त हम सोते हैं, हमारे कई अंग शरीर के विषाक्त पदार्थों को साफ करने का काम करते हैं ताकि सुबह उठने पर हम हल्का महसूस करें। नींद लेना न केवल शरीर के लिए बल्कि स्कीन के लिए भी जरूरी है। भरपूर नींद लेने से आप दिनभर फ्रेश फील करते हैं। मूड अच्छा रहता है। याद्दाश्त अच्छी रहती है। चेहरे पर ग्लो रहता है। आंखों में चमक रहती है। इम्यून सिस्टम सही रहता है। ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, मोटापे जैसी समस्याएं दूर रहती है।

किसे, कितनी नींद की जरूरत

घर में जब छोटा बच्चा आता है तो हम सभी यह देखते हैं कि बच्चा लगभग 18 घंटे सोता है। हम मानते भी है कि बच्चे को इतनी नींद की जरूरत होती है। जैसे-जैसे वह बड़ा होता जाता है, नींद के घंटे भी कम होते जाते हैं। लेकिन कुछ सालों बाद हम उम्र के हिसाब से कितनी नींद लेनी चाहिए, इसका हिसाब नहीं रखते। चलिए आज ये बात जान लेते हैं। न्यू बॉर्न बेबी को लगभग 18 घंटे सोना चाहिए। वहीं 1 से 2 साल तक के बच्चों को 12 से 14 घंटे। 3 से 5 साल तक के बच्चों को 11 से 12 घंटे, 6 से 13 साल तक के बच्चों को 10 से 11 घंटे, 14 से 17 साल तक के बच्चों को 10 से 11 घंटे। इसके बाद के सभी एज ग्रुप के लोगों को 8 घंटे कम से कम सोना चाहिए।

नींद अच्छी लाने के लिए क्या करें?

  • अगर आपको नींद नहीं आती तो पहले गौर करें कि कहीं आप सोने के पहले फोन या लैपटॉप का इस्तेमाल तो नहीं करते? अगर ऐसा करते हैं तो इसे बंद करें। अंधेरे में कुछ देर भी फोन या लैपटॉप देखने के कारण इन डिवाइस मेंं से निकलने वाले लाइट्स की वजह से नींद बिल्कुल गायब हो जाती है।
  • सोने से पहले ढेर सारा पानी न पीएं। वरना बार-बार बाथरूम जाने की वजह से आपकी नींद खराब होगी।
  • रात को हल्का खाना खाएं ताकि गैस न हो।
  • खाने जल्दी खाएं और खाने के बाद वॉक करें। फिर सोएं। इस तरह सुबह भी जल्दी नींद खुलेगी।
  • हल्का गुनगुना दूध पीकर सोएंगे तो फायदा होगा।
  • पैरों की मालिश करें, सिर में तेल लगाएं। इससे भी अच्छी नींद आयेगी।

(अगर आप जानना चाहते हैं कि कई दिनों तक न सोने से शरीर पर धीरे-धीरे क्या असर पड़ता है तो आप नेटफ्लिक्स पर मौजूद फिल्म ‘अवेक’ देख सकते हैं। ये हिंदी में भी उपलब्ध है।)