नाश्ते में ओट्स खाने से मिलते हैं यह जबरदस्त 6 फायदे, जानिए

नाश्ते में ओट्स खाने से मिलते हैं यह जबरदस्त 6 फायदे, जानिए

नाश्ते को दिन का सबसे महत्वपूर्ण मील माना गया है। जब हम रातभर सोते हैं तो अगली सुबह हमें कुछ ऐसा खाने की सलाह दी जाती है जो आपको लंबे समय तक फुल रखते हुए लगातार एनर्जी प्रदान करें। अधिकतर लोग नाश्ते में अंडों का सेवन करना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप वेजिटेरियन हैं और अंडे नहीं खाते हैं तो ऐसे में आप ओट्स का ऑप्शन भी चुन सकते है। फाइबर में रिच ओट्स को अगर नाश्ते में खाया जाए तो इससे आपको एक नहीं, बल्कि कई लाभ प्राप्त होते हैं, जिसके बारे में हम आज इस लेख में चर्चा कर रहे हैं-

1. पोषक तत्वों से पैक होते हैं ओट्स

ओट्स सिर्फ कार्ब्स और फाइबर से भरपूर ही नहीं होते हैं, बल्कि इनमें प्रोटीन व हेल्दी फैट्स भी पाया जाता है। इतना ही नहीं, इसमें कई तरह के विटामिन और मिनरल्स भी मौजूद होते हैं। इसके सेवन से आपको आयरन, मैंगनीज, मैग्नीशियम, फास्फोरस, जिंक, फोलेट आदि मिलता है। इस तरह ओट्स के जरिए दिन की शुरूआत करना एक अच्छा विचार है।

2. वजन कम करने में सहायक है ओट्स

अगर आप वजन कम करना चाहते हैं या फिर अपने वजन को मेंटेन करना चाहते हैं तो भी आपको ओट्स को नाश्ते में अवश्य शामिल करना चाहिए। यह ना केवल एक टेस्टी ब्रेकफास्ट है, बल्कि बहुत फिलिंग भी है। जब आप नाश्ते में इसका सेवन करते हैं तो इससे आपको लंबे समय तक पेट भरे होने का अहसास होता है, जिससे आप कम कैलोरी का सेवन करते हैं और इस तरह आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है।

3. पाचन तंत्र के लिए लाभदायी ओट्स

ऐसे कई लोग होते हैं, जिनका पाचन तंत्र ठीक तरह से काम नहीं करता है, जिसके कारण उन्हें कई तरह की समस्याएं जैसे कब्ज आदि का सामना करना पड़ता है। लेकिन अगर आप ओट्स को अपने नाश्ते का हिस्सा बनाते हैं तो इससे आपका पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है। इसमें अनसॉल्युबल फाइबर पाया जाता है, जो कब्ज से राहत दिलाता है

4. हाई ब्लड प्रेशर से राहत दिलाए ओट्स

अगर आप हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं तो आपको ओट्स का सेवन अवश्य करना चाहिए। नियमित रूप से इसका सेवन करने से रक्तचाप को रेग्युलेट करने में मदद मिलती है। दरअसल, ओट्स में कई शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जिनमें एवेनथ्रामाइड्स भी शामिल हैं। ये कंपाउंड रक्तचाप को कम करने और अन्य लाभ प्रदान करने में मदद कर सकते हैं।

5. इम्यूनिटी को बेहतर बनाए ओट्स

आज के समय में हर व्यक्ति चाहता है कि उनका प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत हो और इसके लिए वह तरह-तरह के काढ़े आदि का सेवन भी करता है। लेकिन क्या आपको पता है कि अगर आप नाश्ते में ओट्स का सेवन करते हैं तो भी आपके प्रतिरक्षा तंत्र पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। दरअसल, ओट्स में बीटा-ग्लूकन पाया जाता है, जो इम्यूनिटी को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है

6. स्किन के लिए लाभदायी ओट्स

ओट्स की मदद से कई महिलाएं फेस पैक या फेस स्क्रब बनाकर अपनी स्किन का ख्याल रखती हैं। लेकिन अगर आप चाहें तो इसे अपने ब्रेकफास्ट का हिस्सा बना लें। ओट्स हमारी रुखी-सूखी स्किन में एक नई जान डाल देता है। इतना ही नहीं, अगर ब्रेकफास्ट में इसका सेवन करने के साथ-साथ इसे स्किन पर भी अप्लाई किया जाए तो इससे जल्दी और बेहतर परिणाम नजर आते हैं