आइस थेरेपी से चेहरे में लाएं ग्लो

आइस थेरेपी से चेहरे में लाएं ग्लो

हर महिला चाहती है कि उसका चेहरा सुंदर दिखे। दाग-धब्बे न हो, चेहरे पर ग्लो हो, झुर्रियां नजर न आएं। इसके लिए वह तरह-तरह के उपाय करती हैं। कई महिलाएं पार्लर जाकर केमिकल ट्रीटमेंट में रुपये खर्च करती हैं, तो कई घरेलू उपायों से ही चेहरे पर निखार लाने की कोशिश करती रहती हैं। अगर आप भी इन्हीं में शामिल हैं, तो आज हम आपको बता रहे हैं ऐसी तकनीक, जिसमें घर की चीजों से ही आप चेहरे की कई समस्याएं ठीक कर सकती हैं। इसका नाम है आइस थेरेपी या कहें कि स्किन आइसिंग। ये काफी प्रचलित हैं। समय-समय पर स्किन आइसिंग करने से कई तरह के लाभ होते हैं।

क्या है स्किन आइसिंग?

यह एक नेचरल, सस्ती व बहुत ही आसान स्किन थेरेपी है। इस थेरेपी में आपको बस 3-4 बर्फ के टुकड़े एक साफ कपड़े में रखना है और उससे चेहरे पर हल्के हाथों से घुमाना है। गाल, माथे के साथ-साथ होंठ, ठुड्डी और नाक हर जगह इसे लगाएं। अगर ऑइली स्किन है तो रोजाना एक बार या दो दिन में एक बार इस थेरेपी को करने से फायदा होगा। वहीं ड्राय स्किन है तो हफ्ते में एक बार करें। 10 मिनट से ज्यादा न करें। ये हो जाने पर चेहरा सूखने के बाद मॉइश्चराइजर लगा लें।

स्किन आइसिंग के क्या-क्या फायदे होते हैं

  • गर्मी में सबसे ज्यादा लोग स्किन से जुड़ी समस्याओं जैसे स्किन का टैन होना, रैशेज, घमौरियां, दाने, सनबर्न से परेशान रहते हैं। आइस थेरेपी से इन समस्याओं में फायदा मिलता है।
  • कई लोगों की आंखें सुबह उठने के बाद सूजी हुई नजर आती हैं, इस थेरेपी से वह सूजन कम होती है। जब आप देर रात काम करते हैं या किसी कारणवश जगे रहते हैं, तो दूसरे दिन आंखों में सूजन व जलन होती है। इस वक्त भी आइस लगाने से आपको आराम मिलेगा। आंखों में फ्रेशनेस आयेगी।
  • आंखों के नीचे के डार्क सर्कल भी कम होंगे
  • अगर आपकी स्किन बहुत ऑइली है, तो इससे ऑइलीनेस कम होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि बर्फ आपको उन छिद्रों को छोटा कर देता है, जिनसे ऑइल निकलता है। इस तरह ऑइली फेस होने के कारण जो ब्लैकहेड्स व पिंपल होते हैं, वे ऑइलीनेस कम होने के कारण नहीं होते।
  • दाग-धब्बों के साथ-साथ इससे मुंहासे भी कम होते हैं। मुंहासे अगर आपके चेहरे पर हैं, तो यह उनका आकार बढ़ने से रोकता है। आपको बस बर्फ को मुंहासे के ऊपर तब तक लगाए रखना है, जब तक वहां की स्किन सुन्न न पड़ जाये।
  • अगर आपको मेकअप ज्यादा वक्त तक टिकाये रखना है तो मेकअप करने के पहले आइस से मसाज कर लें। स्किन ड्राय होने से मेकअप ज्यादा देर तक टिके भी रहेगा। इसके साथ ही आइस से रोमछिद्र छोटे हो जाने से केमिकल वाला मेकअप आपके चेहरे की स्किन को नुकसान भी नहीं पहुंचायेगा।
  • जब हम चेहरे पर आइस लगाते हैं, तो वहां खून का प्रवाह रूक जाता है। इस कमी को पूरा करने के लिए शरीर के सभी हिस्सों से गरम खून उस ओर आता है, इससे खून का प्रवाह चेहरे में बढ़ जाता है और चेहरा ग्लो करने लगता है। उसमें टाइटनेस आती है। झुर्रियों कम होती हैं।
  • धूल, धूप व प्रदूषण की वजह से स्किन बहुत डल लगने लगती है। मुरझा जाती है। आइस से मसाज करने से चेहरे में फ्रेशनेस आती है।
  • यदि आपको थ्रेडिंग करवाते वक्त बहुत दर्द होता है तो थ्रेडिंग से पहले आइब्रो के आसपास आइस से मसाज कर लें। दर्द कम होगा।

इन चीजों से बने आइस क्यूब्स से होगा ज्यादा फायदा

इस थेरेपी में तरह-तरह की चीजों को उपयोग कर इसे और असरदार बनाया जा सकता है। हमारा मतलब है जब आप आइस तैयार करें तो इसके पानी में कुछ चीजें मिला दें, जिससे आइस क्यूब्स विभिन्न चीजों की बनेगी, जो स्किन को लाभ पहुंचायेगी।

  • जैसे लैवेंडर के तेल या गुलाब जल से बने बर्फ के टुकड़ों को चेहरे पर लगाएं। यह झुर्रियों को बढ़ने से रोकेगा।
  • दूध से बने क्यूब्स से हम डेड स्किन को हटा सकते हैं।
  • एलोवेरा जेल को पानी में मिलाकर क्यूब्स बनाकर लगाएं। एलोवेरा से स्किन से जुड़ी कई समस्याएं ठीक होंगी।
  • एक ग्रीन टी बनाएं और उससे आइस बनाएं। ग्रीन टी में एंटीऑक्सिडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो आपकी त्वचा के लिए फायदेमंद हैं।
  • हल्दी के बने आइस क्यूब से मसाज करें, इससे मुंहासे जल्दी ठीक होंगे।
  • कॉफी में भी एंटी-ऑक्सीडेंट्स गुण होते हैं। इसके बने क्यूब आंखों के नीचे की पफीनेस को ठीक करेंगे।

बस इन बातों का ध्यान रखना है जरूरी

यह थेरेपी भले ही आसान है और आपको फायदे देती है, लेकिन फिर भी इसे करते वक्त आपको ध्यान रखना चाहिए। उदाहरण के तौर पर:

  • बर्फ लगाने से पहले चेहरा अच्छी तरह साफ कर लें
  • बर्फ को सीधे स्किन पर न लगाएं। कपड़े पर लपेटकर ही लगाएं। बर्फ सीधे स्किन में लगाने से स्किन के नीचे की कोशिकाएं क्षतिग्रस्त हो सकती हैं।
  • ठंड के मौसम में यह थेरेपी कम करें। एक बात और यह है कि ठंडे तापमान में आपका रक्त संचार कम होता है, ऐसे में अगर आप अक्सर आइस थेरेपी करते हैं तो आपकी त्वचा पतली और ड्राय हो सकती है। और जब ऐसा होता है तो जलन हो सकती है।