हर महिला को सीखना चाहिए ये 6 काम

हर महिला को सीखना चाहिए ये 6 काम

कम पढ़ी-लिखी हो तो भी सीखें ये काम

शालिनी की शादी हुई तो उसे पति के साथ अनजान शहर में जाना पड़ा। एक दिन अचानक गैस खत्म हो गयी। घर में दूसरा भरा हुआ सिलेंडर था लेकिन शालिनी को सिलेंडर बदलते नहीं आता था। उसने पति को फोन लगाया तो उनका फोन स्वीच था। याद आया कि आज मीटिंग थी, तो बंद कर दिया होगा। उसने पड़ोस का दरवाजा खटखटाया। बुजुर्ग महिला ने दरवाजा खोला। शालिनी ने पूछा, क्या आपके घर कोई है, जो मेरा सिलेंडर बदल दे? महिला ने कहां, अभी तो कोई पुरुष नहीं है। सब रात को आयेंगे। शालिनी छोटा-सा मुंह लेकर घर आ गयी। भूख लगी थी, बिना गैस के खाना बना नहीं सकती थी। ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना भी नहीं आता था, क्योंकि फोन भी सिंपल था, बिना इंटरनेट कनेक्शन वाला। अनजान शहर में बाहर जाकर खाना खरीदने की हिम्मत अभी उसमें नहीं थी, तो उसने घर पर पड़े बिस्किट खाये और दूध पीकर दिन निकाल दिया। शाम को पति आये और ये सब सुना तो उन्होंने शालिनी को समझाया कि जितनी जल्दी हो सके, कुछ जरूरी काम सीख लो। मैं मदद करूंगा।

शालिनी के साथ-साथ आप भी जान लें कि वे कौन-से काम हैं, जो हर महिला को आने चाहिए, भले ही वो कम पढ़ी-लिखी हो, किसी छोटे शहर की हो, गांव की रहने वाली हो या अधिक उम्र की हो

अगर आप ये आर्टिकल पढ़ रहे हैं और आप किसी महिला को जानते हैं, जो इनमें से कोई भी काम नहीं जानती, तो आज ही उसकी मदद करें। उसे सीखाएं ताकि वह दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके। वह महिला आपकी मां, पत्नी, बहन, भाभी, दादी, पड़ोसन या कामवाली भी हो सकती है।

1. गैस बुक करना और सिलेंडर बदलना

ये दिखने में छोटा काम लगता है, लेकिन कई महिलाओं को ये नहीं आता। वे घर के पुरुषों को ही बदलने कहती हैं और अगर वे नहीं हो तो आस-पड़ोस से मदद लेती हैं। हर महिला को चाहिए कि उसे गैस बुक करना आये और सिलेंडर बदलना आये। आप आज ही घर के पुरुषों से ये दोनों काम सीखें। ऑनलाइन या फोन लगाकर गैस बुक करना और सिलेंडर बदलना। जब आप ये काम सीख लेंगी तो आपको लगेगा कि ‘अरे, ये इतना आसान काम था और मैं बेवजह दूसरों पर निर्भर थी।’

2. एंड्रॉइड फोन, सोशल मीडिया

लोग कुछ भी कहें लेकिन इंटरनेट सीखना बहुत जरूरी है। महिलाओं को एंड्रॉइंड फोन रखना चाहिए और इंटरनेट सीखना चाहिए। आपको भले ही लगेगा कि मैं इसका क्या करूंगी, लेकिन जब आप ये सीख जायेंगी। फोन के सारे एप्स का इस्तेमाल करना जान लेंगी तो आपको कई नयी चीजें पता चलेंगी। आप दुनिया से जुड़ेगी और नयी चीजें सीखेंगी। अगर आप फेसबुक, इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनायेंगी तो कई महिलाओं से जुड़ेंगी। उनके विचार जानेंगी, अपने विचार रखेंगी। खुद को व्यक्त कर पायेंगी। आप यूट्यूब चलाना सीख लेंगी तो आप नयी डिशेज बनाना सीख सकेंगी। आपको मेकअप, साड़ी ड्रेपिंग, इंगलिश, पेरेंटिंग जैसे कई विषयों पर वीडियो देखने को मिलेंगे।

3. बैंकिंग, मनी ट्रांसफर एप्स,

महिलाओं को अगर आत्मनिर्भर बनना है तो उन्हें बैंक के काम आने चाहिए। उनका बैंक में खाता होना चाहिए। उन्हें बैंक जाकर फॉर्म भरकर अपने अकाउंट से पैसे निकालना और पैसे डालना आना चाहिए। उन्हें एटीएम का उपयोग करना आना चाहिए। उन्हें कार्ड की मदद से शॉपिंग करना आना चाहिए। उनके पास पेटीएम, भीम ऍप, गूगल पे जैसे मनी ट्रांसफर ऍप होने चाहिए। उनका इस्तेमाल आना चाहिए ताकि कैश न होने पर भी वे अपना काम आसानी से कर पाएं।

4. कैब, ऑटो बुक करना

हर महिला के फोन में ओला, उबर जैसे एप्प होने चाहिए और उन्हें उन ऍप से कैब, ऑटो बुक करना, अपनी लोकेशन डालना, जिस जगह जाना है, उसकी लोकेशन डालना आना चाहिए। उन्हें गूगल मैप देखना भी आना चाहिए ताकि उन्हें पता चले कि वे कहां जा रही है? वह जगह किस तरफ है? आदि। ये आना बहुत जरूरी है क्योंकि कई महिलाएं ये नहीं जानती और कई बार वे सड़क पर ऑटो का इंतजार करती रह जाती हैं। घर में कोई अचानक बीमार हो जाता है और उन्हें पता नहीं होता कि उन्हें हॉस्पिटल कैसे ले जाऊं? इसलिए कैब बुलाना आना ही चाहिए।

5. ऑनलाइन शॉपिंग

शॉपिंग करना तो हर महिला को पसंद है। दुकान में जाकर ढेरों कपड़े निकलवाना और ‘कुछ भी पसंद नहीं आया’ कहकर बाहर निकल जाना, उन्हें खूब आता है। कई बार वे अपनी पसंद की चीज के लिए मार्केट की हर शॉप पर भटकती हैं, लेकिन उन्हें वह नहीं मिलती। ये सारी समस्या हल हो जाती, अगर उन्हें ऑनलाइन शॉपिंग आती। अगर आपको नहीं आती या आपकी पहचान में किसी को नहीं आती तो उन्हें जरूर सिखाएं ताकि उनका शॉपिंग करना आसान हो जाये। उन्हें प्रोडक्ट रिटर्न करना, उसे बदलना, प्रॉडक्ट पसंद न आये तो उसे लौटाकर पैसे वापस लेना, सब सिखाएं। उन्हें ऑनलाइन पेमेंट नहीं आये तो भी कोई बात नहीं। कैश ऑन डिलीवरी की सुविधा जरूर बताएं। वैसे इन सब के साथ उन्हें ऑनलाइन फ्रॉड की शिक्षा भी दें ताकि वे धोखा खाकर पैसे न दे दें।

6. व्हॉट्सऍप , कॉलिंग, मैसेज

वैसे तो ये कई महिलाओं को आता है, लेकिन फिर भी घर के कई बुजुर्ग लोगों को ये अभी भी नहीं आता और वे बोर होते रहते हैं। इसलिए आप भी अपने घर के बुजुर्गों को, खासकर महिलाओं के ये चीजें सिखाएं ताकि वे भी अपनों से कनेक्ट हो सकें। उन्हें फोन कर सकें, मैसेज कर सकें। मजेदार मैसेज पढ़ सकें। वीडियोज देख सकें। एक सुझाव है कि आप उनका फेसबुक अकाउंट खुलवा कर कुछ रिश्तेदारों को उनसे जोड़ दें ताकि वे भी खुद को दुनिया से जुड़ा महसूस करें। उन्हें भी पता चले कि किसकी लाइफ में क्या चल रहा है? किसका आज जन्मदिन है? कौन, कहां घूमने गया था?